प्रदेशभर के शिवालयों में सुबह से ही बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयकारों की रही गूंज, भक्तों का लगा तांता .

देहरादून (हिल न्यूज़ लाइव): प्रदेश और देशभर में आज महाशिवरात्रि श्रद्धा और आस्था के साथ मनाई जा रही है। यह त्योहार भगवान शिव और देवी पार्वती के विवाह के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। प्रदेश के शिवालय आज सुबह से ही बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज रहे हैं। 

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को महाशिवरात्रि की बधाई दी है। हरिद्वार में महाशिवरात्रि पर विभिन्न शिवालयों में भक्तों ने जलाभिषेक व पूजा अर्चना की । वहीं चम्पावत जिले में  भी महाशिवरात्रि हर्षोल्लास से मनाया गया। 

इस अवसर पर बालेश्वर, रिषेश्वर, पंचेश्वर, रामेश्वर, स्पतेश्वर,  मानेश्वर, महारुद्रेश्वर मन्दिर,  टपकेश्वर मंदिर  सहित विभिन्न मंदिरों  के शिवलिंगों में जल, दूध, घी ,शहद से  रुद्राभिषेक  कर पूजा अर्चना की गई। बागेश्वर में महाशिवरात्रि पर बाबा बागनाथ मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा। उधर, टिहरी जिले के विभिन्न मंदिरों और शिवालयों में सुबह से ही बड़ी संख्या में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है।