बनभूलपुरा हिंसा, CM धामी के उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देशों का असर दिखने लगा .

देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): बनभूलपुरा हल्द्वानी में घटित हिंसक घटना में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देशों का असर लगातार दिख रहा है। नैनीताल जिला पुलिस ने आज 05 और उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है। 

अब तक पुलिस इस मामले में कुल 42 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर चुकी है। बता दें कि गत आठ फरवरी को बनभूलपुरा क्षेत्र में अवैध कब्जा हटाने के दौरान उपद्रवियों द्वारा पुलिस, प्रशासन, नगर निगम व मीडियाकर्मियों पर पथराव, आगजनी व गोलीबारी की हिंसक घटना की गई थी। 

जिसके संबंध में थाना बनभूलपुरा में 03 अभियोग दर्ज हैं। नैनीताल जिला पुलिस के मीडिया सेल से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, बनभूलपुरा घटना में शामिल आरोपी अब्दुल मलिक और उसके लड़के अब्दुल मोइद के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया गया है। बनभूलपुरा में अतिक्रमण हटाए गए स्थान पर पुलिस चैकी भी खोली गई है।