देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): प्रदेश के शासकीय और अशासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 9 की करीब 50 हजार छात्राओं को मुफ्त साइकिल दी जाएगी। इसके लिये शिक्षा निदेशालय ने ‘बालिका शिक्षा प्रोत्साहन योजना’ के तहत सभी जिलों को 14 करोड़ रुपए से अधिक़ की धनराशि जारी कर दी है।
बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने बालिका शिक्षा प्रोत्साहन योजना शुरू की है, जिसके तहत कक्षा नौ में प्रवेश लेने वाली सभी छात्राओं को मुफ्त साइकिल योजना का लाभ दिया जा रहा है।
इसके तहत प्रत्येक छात्रा के खाते में साइकिल खरीद के लिए 2 हजार 850 रुपए की धनराशि संबंधित जिले के मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय से डीबीटी के माध्यम से जमा कराई जायेगी।
इस योजना की खास बात यह है कि मैदानी क्षेत्रों के विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा नौ की सभी छात्राओं को अनिवार्य रूप से साइकिल खरीदनी होगी जबकि पर्वतीय क्षेत्रों की बालिकाओं को मुफ्त साइकिल खरीदने अथवा किसी अधिकृत बैंक व डाकघार में चार वर्षीय एफडी जमा करने का विकल्प दिया गया है।



