'मेरा गांव मेरी सड़क योजना' में 24 सड़क योजनाओं को स्वीकृति, सरकार ग्रामीण अंचलों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रयासरत .

देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): राज्य सरकार ने प्रदेश के कई जिलों में मेरा गांव मेरी सड़क योजना के तहत 24 सड़क की योजनाओं को स्वीकृति दी है। ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि इन सड़कों के बनने से स्थानीय ग्रामीणों को हर मौसम में बेहतर यातायात की सुविधा मिल सकेगी। 

उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की परिधि से बाहर सम्पर्क विहीन गांवों को सड़क से जोड़ने की दिशा में राज्य सरकार ग्रामीण अंचलों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम कर रही है। 

गौरतलब है कि मुख्य सड़क से एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित संपर्क विहीन गांवों को हर मौसम में जुड़े रखने के लिए मेरा गांव मेरी सड़क योजना में सड़कें बनाई जाती हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण अंचलों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। इस योजना में 49 गांव के लिए सड़कें स्वीकृत की गयी थी। जिन पर कार्य प्रारम्भ किया जा चुका है।