देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): राज्य सरकार ने प्रदेश में ठोस कूड़े के शत प्रतिशत निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। राज्य में बेहतर कूड़ा प्रबंधन के लिए आयोजित बैठक में मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधु ने हर घर से कूड़ा एकत्रित करने, गीला-कूड़ा अलग करने और डस्टबिन फ्री शहर की दिशा में तेजी के साथ काम करने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों को अगले 15 दिनों के भीतर प्रदेश में विश्वस्तरीय ठोस कूड़ा प्रबंधन प्रणाली विकसित करने के लिए योजना बनाने को कहा। उन्होंने कहा कि इस योजना के लिए बजट की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।
डॉक्टर संधु ने कूड़ा फेके जाने वाले अनाधिकृत स्थानों पर सी.सी.टी.वी लगाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि कूड़ा निस्तारण में लोगों को शामिल करते हुए डस्टबिन के अतिरिक्त अन्य जगहों पर कूड़ा फेंकने वालों की फोटो खींच कर भेजने वालों को इनाम देने का प्रावधान किया जाए।



