राज्यपाल जनरल गुरमीत सिंह ने कैंसर जैसी घातक बीमारी के बारे में दूरस्थ क्षेत्रों तक जागरूकता पहुंचाने पर दिया जोर .

देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने कैंसर जैसी घातक बीमारी और इससे होने वाले नुकसान के बारे में दूरस्थ क्षेत्रों तक जागरूकता पहुंचाने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि कैंसर से बचने के उपायों में जीवनशैली को सही रखकर संतुलित आहार का सेवन जरूरी है। वे हेमवती नंदन बहुगुणा चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय द्वारा राजभवन में कैंसर जागरूकता एवं रोकथाम विषय पर आयोजित सेमिनार में बोल रहे थे।

राज्यपाल ने कहा कि कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए बड़े स्तर पर मीडिया का सहयोग लिया जा सकता है, जिससे लोग, इस रोग के लक्षणों और कारणों की जानकारी के प्रति सचेत रहें। सेमिनार के दौरान विषय विशेषज्ञों द्वारा कैंसर के रोकथाम और जागरूकता के विषय में विचार रखे गए। राज्यपाल ने विश्वास जताया कि सेमिनार के माध्यम से जो विचार और मंथन किए गए हैं उससे कैंसर के प्रति जागरूकता और निदान के प्रति संवेदनशीलता बढ़ेगी।