देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): उत्तराखंड में केदारनाथ धाम के कपाट परंपरागत रूप से आगामी 15 नवंबर को भैया दूज के अवसर पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। यहां से भगवान केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव मूर्ति शीतकालीन प्रवास के लिए श्रीओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ पहुंचेगी, जहां शीतकाल के 6 माह तक केदारबाबा की पूजा की जाएगी।
इसी दिन यमुनोत्री धाम के कपाट भी बंद होंगे। कपाट बंद होने के बाद यमुना की उत्सव डोली अपने शीतकालीन स्थल खुशीमठ खरसाली के लिए प्रस्थान करेगी। शाम के समय मां यमुना की डोली अपने शीतकालीन प्रवास स्थल पर पहुंच जाएगी जहां अगले छह माह तक मां यमुना की पूजा-अर्चना की जाएगी।
गौरतलब है कि इस वर्ष अब तक 17 लाख से अधिक श्रद्धालु केदारनाथ और 7 लाख से ज्यादा तीर्थयात्री यमुनोत्री धाम की यात्रा कर चुके हैं।
वहीं विजयादशमी के दिन बदरीनाथ धाम, द्वितीय केदार मद्महेश्वर और तृतीय केदार तुंगनाथ के कपाट बंद करने की तिथि तय की जाएगी।
#KedarnathDham,# YumnotriDhami,,



