देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): उत्तराखंड के चारों धामों सहित पौराणिक तीर्थ स्थलों के प्रचार-प्रसार, विकास और पलायन रोकने के लिए हर साल निकाली जाने वाली पवित्र छड़ी यात्रा शुरू हो गई है। यात्रा का शुभारंभ पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने पौराणिक सिद्ध पीठ माया देवी मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना कर किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि तीर्थों की पवित्र छड़ी यात्रा हमारी सनातन परंपरा का प्रतीक है और ये परंपरा आद्य जगतगुरु शंकराचार्य महाराज के समय से ही चली आ रही है। गौरतलब है कि यह छड़ी यात्रा 27 अक्टूबर तक पंचपुरी हरिद्वार में सभी पौराणिक सिद्धपीठों, अखाड़ों और आश्रमों में पूजा के लिए जाएगी। 28 अक्टूबर को हर की पैड़ी पर मां गंगा की पूजा अर्चना और दुग्धाभिषेक के पश्चात मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पवित्र छड़ी को उत्तराखंड यात्रा के लिए रवाना करेंगे।



