देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): युद्धग्रस्त इज़राइल में फंसे भारतीय नागरिकों को ऑपरेशन अजय के तहत विशेष विमान से सुबह दिल्ली लाया गया। स्वदेश लौटे नागरिकों में उत्तराखण्ड की आरती जोशी और आयुष मेहरा सहित कुल 212 भारतीय नागरिक शामिल हैं।
केन्द्रीय मंत्री राजीव चन्द्रशेखर ने इनकी अगवानी की। वहीं उत्तराखंड के नागरिकों को प्रदेश सरकार के प्रतिनिधि ने एयरपोर्ट पर रिसीव किया। आरती और आयुष अपने परिवार के साथ देहरादून के लिए रवाना हो गए। उन्होंने सकुशल स्वदेश वापसी पर सरकार का धन्यवाद व्यक्त किया। यह विमान तल-अवीव के बेन गुरियन हवाई अड्डे से रवाना हुआ था।
इस बीच इज़राइल में भारतीय दूतावास ने आज के लिए दूसरी उड़ान की घोषणा की है और इस बारे में ई-मेल पंजीकरण भेज दिया है। गौरतलब है कि विदेश मंत्री एस.जयशंकर ने इज़राइल से वापस आने के इच्छुक भारतीयों के लिए ऑपरेशन अजय शुरु किये जाने की घोषणा की थी। इज़राइल पर हमास के हमले के बाद जारी लड़ाई को देखते हुए यह निर्णय लिया गया था।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर इज़राइल से स्वदेश लाए जा रहे उत्तराखण्ड के नागरिकों को एयरपोर्ट पर रिसीव करने और उत्तराखण्ड सदन दिल्ली में लाने एवं खाने की व्यवस्था है। इसके बाद उनको उत्तराखण्ड रोडवेज की बसों से गंतव्य तक भेज दिया जाएगा। इज़राइल में लगभग 18,000 भारतीयों के होने की संभावना है, जिन्हे भारत सरकार ऑपरेशन अजय में उन्हें अपने देश सुरक्षित वापस ला रही है।



