देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमें अपने बुजुर्ग कार्यकर्ताओं से राष्ट्र सेवा व राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा मिलती है। मुख्यमंत्री राजधानी देहरादून में भाजपा की ओर से आयोजित विचार यात्रा संगोष्ठी में संबोधन कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि कार्यकताओं के अथक परिश्रम के बल पर आज भारत ही नहीं, विश्व का बडा संगठन खड़ा हुआ है। मुख्यमंत्री ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी व दीनदयाल उपाध्याय का स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने ‘राष्ट्रवाद’ और ‘अंत्योदय’ को परम कर्तव्य मानने का विचार हमें दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम भारत के इकलौते ऐसे राजनीतिक दल हैं, जो हर स्तर पर लोकतांत्रिक मूल्यों पर विश्वास रखता है। ये जनसंघ या भारतीय जनता पार्टी में ही संभव है कि एक सामान्य सा कार्यकर्ता भी राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद को प्राप्त कर पाता है और एक गरीब परिवार से आने वाला सामान्य कार्यकर्ता प्रधान सेवक या मुख्य सेवक बन सकता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी नेतृत्व में देश में पहली बार भाजपा ने वोट बैंक की राजनीति को टक्कर देने का साहस किया और इसके नुकसान देश को समझाने में सफलता प्राप्त की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 101 बुजुर्ग कार्यकर्ताओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। सांसद नरेश बंसल, भाजपा अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट आदि मौजूद रहे।



