देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): गणतंत्र दिवस परेड में प्रथम स्थान पर रही उत्तराखण्ड राज्य की झांकी ‘मानसखण्ड’ को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज विभिन्न मुख्य स्थानों पर प्रदर्शित करने के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
18 मई तक प्रदेश के ब्लॉक मुख्यालयों और मुख्य शहरों में झांकी का प्रदर्शन जनमानस के सम्मुख किया जाएगा। मानसखण्ड झांकी के संबंध में 2 मिनट की वीडियो भी तैयार की गई है। इस शॉर्ट फिल्म का एल.ई.डी. के माध्यम से जन सामान्य हेतु प्रसारण किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्त्तव्य पथ पर आयोजित पहली परेड में उत्तराखण्ड को प्रथम स्थान मिलना एक बड़ी उपलब्धि है। राज्य के गठन से अब तक पहली बार राज्य की झांकी को देश में पहला स्थान प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि मानसखण्ड झांकी में जागेश्वर मंदिर, कॉर्बेट नेशनल पार्क, ऐपण आर्ट, योग और वनों का समावेश किया गया था। इस उपलब्धि से उत्तराखण्ड की धार्मिक, सांस्कृतिक धरोहर, कला और संस्कृति का प्रचार-प्रसार पूरे विश्व में हुआ है।
# Uttarakhandjhanki,#ManasKhand,,



