प्रदेशभर के शहरों में सेंट्रल प्लाजा और यूनिटी मॉल की तर्ज पर सिटी पार्क विकसित करने के निर्देश .

देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधु ने प्रदेशभर के शहरों में सेंट्रल प्लाजा और यूनिटी मॉल की तर्ज पर सिटी पार्क विकसित करने के निर्देश दिए हैं। पिछले साल 22-23 नवंबर को आयोजित चिंतन शिविर के विभिन्न बिंदुओं पर बैठक में चर्चा की गई। 

उन्होंने सड़कों के लेवल को फिक्स्ड करने के भी निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि सड़कों की ऊंचाई लगातार बढ़ने से से घरों के लिए ड्रेनेज के समस्या आ रही है। इसलिए, सड़कों को स्क्रैब करके ही पुनः कार्य कराया जाए। 

डॉ. संधु ने शहरों में साइकिल ट्रैक विकसित करने को भी कहा। उन्होंने सभी प्राथमिक, माध्यमिक, उच्च व तकनीकी शिक्षण संस्थानों में ऑनलाइन शिक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही सभी जिलों में पुस्तकालय उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। 

वहीं, एक अन्य बैठक मुख्य सचिव ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की सचिव  अलका उपाध्याय, बीआरओ, पीडब्ल्यूडी और एनएचएआई के अधिकारियों और सभी जिलों के डीएम के साथ चारधाम यात्रा मार्ग के संबंध में की। उन्होंने सभी राष्ट्रीय राजमार्गों को शीघ्र दुरुस्त करने पर जोर दिया। 

चारधाम यात्रा मार्गों पर स्थित विभिन्न बॉटल नेक को अतिशीघ्र्र ठीक कराने, सड़क निर्माण के सभी स्वीकृत कार्य और उत्तरकाशी में धरासू बैंड का काम 2-3 शिफ्ट में करते हुए मई के अंत तक पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने सभी डीएम को फंड्स की परवाह न करते हुए प्रदेश में सड़क सुरक्षा कार्यों को प्राथमिकता से करने को कहा। 

उन्होंने कहा कि पहली बार सड़क सुरक्षा के लिए क्रैश बैरियर और ब्लैक स्पॉट सुधारीकरण जैसे कार्यों के लिए 300 करोड़ का प्रावधान किया गया है।

#CentralPlaza,#UnityMall,#cityparks, ,