देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): लद्दाख में मिशन माउंटेंन विज़ार्ड के दौरान शहीद हुए भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के सहायक सेनानी टीकम सिंह नेगी का आज शाम देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। आईटीबीपी की गारद ने मातमी धुन बजाकर और हवा में गोलियां दाग कर उन्हें अंतिम सलामी दी।
अंतिम संस्कार के दौरान राज्य के शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत, विधायक सविता कपूर, सहदेव पुंडीर, आईटीबीपी के सहायक महानिदेशक मनोज रावत, उत्तराखंड पुलिस के सहायक महानिदेशक वी. मुरूगेशन, आईटीबीपी के लद्दाख सेक्टर के आईजी संजय गुंज्याल समेत कई अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
33 वर्षीय शहीद टीकम के परिवार में पत्नी, तीन वर्षीय पुत्र और माता-पिता हैं। आईटीबीपी सीमाद्वार के जनसंपर्क अधिकारी राजीव नेगी ने बताया कि भारत-चीन सीमा की निगरानी के क्रम में टीकम सिंह लद्दाख के शोक-शालू व चेननिमो क्षेत्र में विशेष गस्त अभियान में डिप्टी लीडर के तौर पर थे।
इस अभियान को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद लौटते हुए विगत दिवस वे अचानक तेज हवा और भारी हिमपात की चपेट में आकर गहरी खाई में गिरकर शहीद हो गए थे। आज दोपहर उनका पार्थिव शरीर सहसपुर स्थित उनके आवास पर पहुंचा।



