देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाएं कल से शुरू हो रही हैं। पहले दिन कक्षा 12 का हिन्दी का प्रश्नपत्र होगा। नकलविहीन और शांतिपूर्ण परीक्षाएं करवाने के लिए उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने अपनी तैयारी पूरी कर ली हैं। परीक्षाएं 6 अप्रैल तक चलेंगी। राज्य में 1 हजार 253 परीक्षा केंद्रों में इस बार 2 लाख 59 हजार 430 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
हाईस्कूल में 1 लाख 27 हजार 320 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे, जिनमें 3 हजार 813 व्यक्तिगत परीक्षार्थी हैं। वहीं, 12वीं में 1 लाख 32 हजार 110 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जिनमें 2 हजार 88 व्यक्तिगत परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। अतिसंवेदनशील और संवेदनशील सहित राज्य के सभी परीक्षा केंद्रों में नकल रोकने के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रदेश में नकलविहीन परीक्षा आयोजित कराने के लिए सचल दलों और उड़नदस्तों की तैनाती भी कर दी गई है। वहीं, चम्पावत जिले में इस बार 39 केंद्रों में 6 हजार 984 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे, जिसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं।
Board examinations,Uttarakhand,,



