देश में कोविड और इन्फ्लुएंजा की स्थिति पर उच्च स्तरीय बैठक, पिछले हफ्तों में कोविड के मरीजों की संख्या में आई तेजी .

New Delhi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में कोविड और इन्फ्लुएंजा की स्थिति के आकलन के लिए कल एक उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे की तैयारियों, टीकाकरण अभियान की स्थिति, कोविड के नये वेरिएंट और इन्फ्लुएंजा के उभरने और इससे जन स्वास्थ्य पर पडने वाले असर का आकलन किया। 

देश में इन्फ्लुएंजा और पिछले दो हफ्तों में कोविड के मरीजों की संख्‍या में वृद्धि को देखते हुए यह उच्च स्तरीय बैठक बुलाई गई। बैठक में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के सचिव ने देश में बढ़ते मामलों सहित विश्‍व में कोविड की स्थिति पर प्रस्तुति दी। 

प्रधानमंत्री को अवगत कराया गया कि देश में नये दैनिक मामलों की औसत संख्‍या 888 है। प्रधानमंत्री को बताया गया कि कोविड की मुख्‍य 20 दवाओं, 12 अन्य दवाओं, आठ प्रतिरोधक दवाओं और इन्फ्लूएंजा की एक दवा की उपलब्धता और कीमतों पर नजर रखी जा रही है।

प्रधानमंत्री को देश में इन्फ्लुएंजा विशेष रूप से पिछले कुछ महीनों में एच-1 एन-1 और एच-3 एन-2 के मामलों की जानकारी दी गई। श्री मोदी ने अधिकारियों को निर्धारित जीनोम अनुक्रमण प्रयोगशालाओं में पॉजिटिव नमूनों के संपूर्ण जीनोम अनुक्रमण बढ़ाने का निर्देश दिया।

Covid and Influenza,Pm Modi,,