रजत जयंती पर भव्य समारोह, PM नरेंद्र मोदी ने विकास यात्रा को साकार करने वाले प्रतिभागियों से किया संवाद .

देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर देहरादून स्थित FRI परिसर में आयोजित भव्य समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखण्ड की विकास यात्रा को साकार करने वाले विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिभागियों से संवाद किया। यह संवाद राज्य की 25 वर्षों की प्रगति और आम नागरिकों की भूमिका को रेखांकित करने वाला सशक्त मंच सिद्ध हुआ।

संवाद में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएँ, युवा नवाचारक, पर्यटन और एडवेंचर स्पोर्ट्स से जुड़े उद्यमी तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी शामिल रहे। इन प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार राज्य सरकार की योजनाओं, बेहतर संपर्क एवं बुनियादी ढाँचे और नवाचार को प्रोत्साहन ने उनके जीवन और आजीविका को परिवर्तित किया।

प्रधानमंत्री ने प्रतिभागियों को उत्तराखण्ड की नई पहचान “आत्मनिर्भर, सशक्त और सतत राज्य”  का प्रतीक बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि इन उद्यमियों, युवाओं और ग्रामीण महिलाओं की सफलता की कहानियाँ विकसित भारत 2047 के सपने को साकार करने में प्रेरक सिद्ध होंगी।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य की प्रगति लोगों की भागीदारी, सामुदायिक नेतृत्व और नवाचार की भावना से प्रेरित है। यह संवाद “विकसित उत्तराखण्ड” की दिशा में जनसहभागिता आधारित विकास मॉडल की झलक प्रस्तुत करता है। 

देहरादून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखण्ड डाक परिमंडल की राज्य के प्रमुख तीर्थ स्थलों एवं सांस्कृतिक प्रतीकों पर आधारित विशेष डाक टिकट श्रृंखला का विमोचन किया। इस  श्रृंखला में देवभूमि उत्तराखण्ड की धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहर को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान प्रदान की गई है।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत राज्य के 28,000 से अधिक किसानों के बैंक खातों में 62 करोड़ से अधिक की धनराशि DBT के माध्यम से जारी की। इस पहल से राज्य के किसानों को प्राकृतिक आपदाओं एवं फसल क्षति से सुरक्षा का लाभ प्राप्त होगा।