देहरादून, हिल न्यूज़ लाइव। उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में अब कैशलेस किराए की सुविधा उपलब्ध होने जा रही है. रोडवेज की बसों में एटीएम और यूपीआई, क्यूआर कोड (क्विक रिस्पॉन्स कोड) को स्कैन कर भी किराया दे सकेंगे. इसके लिए रोडवेज की ओर से प्रथम चरण में देहरादून डिपो की बसों में यह सेवा शुरू की जाएगी. उसके बाद निगम की ओर से 31 मार्च तक प्रदेश की सभी बसों में यह सुविधा उपलब्ध करवाने की योजना है. इस सुविधा के शुरू होने के बाद जेब में कैश उपलब्ध नहीं होना या छोटे नोट नहीं होने वाली दिक्कतों का सामना कम करना पड़ेगा.
उत्तराखंड रोडवेज ने इस मशीनों के लिए एक कंपनी से दस मशीनों का ट्रायल लिया था. ट्रायल सफल होने के बाद रोडवेज ने 150 मशीनें किराए पर ली हैं. पहले चरण में देहरादून डिपो में यह सुविधा शुरू होने से कुमाऊं और दिल्ली जाने वाले यात्रियों को भी सुविधाएं होंगी.



