दिल्ली, देहरादून, हिल न्यूज़ लाइव। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह चुनाव प्रचार के लिए उत्तर प्रदेश में लगातार दौरे कर रहे हैं.
ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र के कमोली गांव पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सपा को आड़े हाथों लिया. शाह ने कहा कि अब यूपी में एक भी बाहुबली नहीं है, सिर्फ बजरंग बली हैं. गृहमंत्री ने सपा और बसपा पर तंज कसते हुए कहा कि बुआ-बबुआ की सरकार में विकास नहीं हुआ है. उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि ये यहां से दिल्ली जाते थे और हम दिल्ली से बिजली लेकर आए. उन्होंने कहा कि इतने वर्षों तक सपा-बसपा-कांग्रेस ने गरीबों के नाम पर वोट लिए, लेकिन नरेन्द्र मोदी जी के अलावा कोई प्रधानमंत्री ऐसे नहीं हुए जिन्होंने गरीबों का भला किया हो. भाजपा सरकार ने 1.67 करोड़ माताओं-बहनों को उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन दिया है.
पने चुनावी दौरे के दौरान गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को बांदा भी पहुंचे. वहां भी चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने सपा और बसपा पर जमकर हमला बोला. उन्होंने भाजपा सरकार की उपलब्धियों को गिनाया. उन्होंने सपा और बसपा की सरकारों पर विकास नहीं करने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि बीजेपी केन बेतवा लिंक परियोजना के जरिए क्षेत्र से पानी की समस्या को दूर करने जा रही है. गृहमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड कॉरिडोर के बन जाने से यहां पर युवाओं को रोजगार मिलेगा. उन्होंने कहा कि सपा और बसपा की सरकारों में यहां पर कट्टे और गोलियां बनती थीं. लेकिन अब हमारी सरकार में यहां पर बनी मिसाइलें और गोला-बारुद पाकिस्तान में बैठे आतंकवादियों को खत्म करेगी. गृह मंत्री अमित शाह ने जनसभा में आए हुए लोगों से भारतीय जनता पार्टी के तिंदवारी विधानसभा के प्रत्याशी रामकेश निषाद को वोट देने की अपील की. अमित शाह ने कहा कि एक बार फिर से सब लोग बीजेपी की यूपी में सरकार बनवाएं. जिससे कि यहां का तेजी से विकास हो सके.



