देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): देशभर में दुर्गा पूजा उत्सव का उल्लास चरम पर पहुंच गया है। शारदीय नवरात्र अनुष्ठान में आज महाअष्टमी और महानवमी पर मॉं दुर्गा के स्वरूप महागौरी और सिद्धिदात्री की पूजा की जा रही है। इस अवसर पर पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ कन्या पूजन का भी विधान है।देश के विभिन्न भागों में पूजा पंडालों को सुरूचिपूर्ण ढंग से सजाया गया है जहां भारी संख्या में श्रद्धालु जुट रहे हैं।
उत्तराखण्ड में भी आज दुर्गा पूजा उत्सव का उल्लास चरम पर है। देवी दुर्गा के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ है। विभिन्न स्थानों पर भण्डारों का आयोजन किया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज शासकीय आवास पर शारदीय नवरात्रि के नवम् दिवस पर माँ सिद्धिदात्री की आराधना कर कन्या पूजन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आदिशक्ति माँ भगवती से समस्त प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना की।



