आपदा से प्रभावित क्षेत्रों का सीएम धामी ने किया हवाई निरीक्षण, हेली सेवा से पहुंच रहे श्रद्धालुओं को 25 प्रतिशत छूट.

देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद रुद्रप्रयाग के आपदा से प्रभावित क्षेत्रों का हवाई निरीक्षण किया। इसके उपरांत उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं उच्चाधिकारियों के साथ बैठक कर अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने आपदा से क्षतिग्रस्त हुए मार्गों एवं पुलों को ठीक करने हेतु किए जा रहे कार्यों की भी विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार जल्द से जल्द श्री केदारनाथ यात्रा मार्ग को पूर्व की भांति संचालित करने हेतु तेजी से कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री केदारनाथ धाम की यात्रा को पुनः संचालित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। श्री केदारनाथ धाम की यात्रा बुधवार से हेली के माध्यम से पुनः संचालित हो जाएगी। हेली सेवा के माध्यम से केदारनाथ दर्शन करने पहुंच रहे श्रद्धालुओं को किराए में 25 प्रतिशत छूट दी जाएगी। जिसका वहन राज्य सरकार द्वारा किया जाएगा।