देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने देहरादून में आबकारी विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने आबकारी आयुक्त डॉ. प्रशांत आर्य को शराब की बिक्री और बरामदगी की निगरानी बढ़ाए जाने के निर्देश दिए।
उन्होंने चैकपोस्ट में निगरानी के लिए सीसीटीवी लगाने के साथ ही प्रतिदिन रिपोर्ट मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने आबकारी विभाग के अधिकारियों को “इलेक्शन सीजर मैनेजमेंट सिस्टम” पोर्टल पर प्रतिदिन सभी जिलों में अवैध शराब को लेकर की गई कार्रवाई की प्रगति रिपोर्ट अनिवार्य रूप से अपलोड करने के निर्देश दिये।
डॉक्टर पुरुषोत्तम ने शराब की दुकानों में पिछले 2 सालों से प्रतिदिन की बिक्री का विश्लेषण कर अचानक शराब की बिक्री में आई तेजी को भी मॉनिटर करने को कहा। उन्होंने आबकारी अधिकारियों और नोडल अधिकारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम अगले 2 से 3 दिनों में पूरा करने पर जोर दिया।



