समान नागरिक संहिता से महिला सशक्तिकरण की दिशा में यह कानून मील का पत्थर साबित होगा: CM धामी .

देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): प्रदेश में समान नागरिक संहिता विधेयक विधानसभा से पारित होने पर आयोजित सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता विधेयक पास होने के पीछे उत्तराखण्ड की जनता की शक्ति बताते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में यह कानून मील का पत्थर साबित होगा। 

मुख्यमंत्री ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व प्रदेश की देवतुल्य जनता का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने समान नागरिक संहिता पर देवभूमि की सवा करोड़ जनता से किए गए अपने वादे को निभाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम जनता के हैं और जनता हमारी है, यह कानून जनता के लिए है, जनता की भलाई, समता और समानता के लिए बनाया गया है।

उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों के लिए समान कानून की बात संविधान स्वयं करता है, क्योंकि हमारा संविधान एक पंथनिरपेक्ष संविधान है। यह एक आदर्श धारणा है, जो हमारे समाज की विषमताओं को दूर करके, हमारे सामाजिक ढांचे को और अधिक मजबूत बनाती है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि समान नागरिक संहिता, विवाह, भरण-पोषण, गोद लेने, उत्तराधिकार, विवाह विच्छेद जैसे मामलों में भेदभाव न करते हुए सभी को बराबरी का अधिकार देगा और जो प्रत्येक नागरिक का मौलिक अधिकार भी है। 
 

#UCCInUttarakhand,#UCC2024,,