देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई और शुभकामनाएँ दी। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या में जारी अपने संदेश में राज्यपाल ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारतीय संविधान के प्रणेता बाबा साहेब आंबेडकर सहित सभी महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और संविधान निर्माताओं का भावपूर्ण स्मरण किया है।
उन्होंने कहा कि भारत ने जी-20 की अध्यक्षता कर पूरी दुनिया को वसुधैव कुटुंबकम का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि देश के विकास के साथ युवा उत्तराखंड भी प्रगति के पथ पर निरंतर अग्रसर है।
राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखण्ड को इस दशक में देश का विकसित, सर्वश्रेष्ठ और अग्रणी राज्य बनाने के लिए सबको संकल्प, सिद्धि और सामर्थ्य के साथ अपना योगदान करना होगा।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि समान नागरिक संहिता के लिए बनाई गई 5 सदस्यों की कमेटी ने ड्राफ्ट पूरा कर लिया है।
ड्राफ्ट मिलते ही जल्दी विधानसभा का सत्र बुलाकर विधानसभा में समान नागरिक संहिता का कानून पूरे उत्तराखण्ड में लागू किया जायेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अंत्योदय की भावना के साथ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों के विकास, कल्याण और उन्नति के लिए संकल्पबद्ध है.
#RepublicDay,,



