देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): चमोली जिले के गौचर में नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, चमोली को 128 और रुद्रप्रयाग जिले को 53 नए नर्सिंग अधिकारी मिल गए हैं। स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर धन सिंह रावत ने नव नियुक्त नर्सिंग अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
चमोली में आयोजित चिकित्सा स्वास्थ्य सशक्तिकरण अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में डॉक्टर रावत ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग जल्द ही राज्य में नर्सिंग, वार्ड ब्वाय व तकनीशियन सहित विभिन्न पदों पर 11 हजार से अधिक नियुक्तियां करेगा।
उन्होंने बताया कि चमोली जिले में नर्सिंग के पदों पर शत-प्रतिशत तैनाती कर दी गई है। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री ने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने के लिए महिला बेस चिकित्सालय में 100 बेड के संचालन की स्वीकृति भी प्रदान की।



