उत्तराखण्ड में पिछले साल 70 बहुउद्देशीय सहकारी समितियों में 2400 किसानों का चयन .

देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): उत्तराखण्ड में माधो सिंह भण्डारी संयुक्त सहकारी खेती में किसानों ने रूचि दिखाई है। इसके तहत पिछले साल 70 बहुउद्देशीय सहकारी समितियों में 2400 किसानों का चयन किया गया है। 

सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा सहकारी खेती के माध्यम से विभिन्न सब्जियों की खेती किसानों के लिए नकद आय का एक महत्वपूर्ण स्रोत साबित हो रही है। उत्तराखंड में संयुक्त सहकारी खेती की सफलता कृषि क्षेत्र में सहयोगात्मक प्रयासों की क्षमता का प्रमाण है। 

उन्होंने कहा कि खेती का यह मॉडल व्यक्तिगत किसानों को लाभ पहुंचाने के साथ क्षेत्र में कृषि के समग्र विकास में भी योगदान दे रहा है। डॉ. रावत ने संबंधित अधिकारियों को संयुक्त सहकारी खेती का न्याय पंचायत स्तर पर प्रचार कर इस तरह की खेती को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।