राज्यपाल ने की टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा, टीबी मरीजों की सहायता के लिए निःक्षय मित्र बनाए गए .

देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): प्रदेश में टीबी रोग के मरीजों की सहायता के लिए अब तक 9 हजार से अधिक निःक्षय मित्र बनाए गए हैं। इन निःक्षय मित्रों द्वारा 19 हजार 833 टीबी के रोगियों को सहायता दी गई है। 

वर्तमान में राज्य में दो हजार 252 गांव, एक हजार 12 ग्राम पंचायत और 61 शहरी वार्ड, टीबी मुक्त सूचकांक प्राप्त कर चुके हैं। नवंबर, 2023 तक टीबी के इलाज की सफलता दर में केंद्र सरकार से प्राप्त 85 प्रतिशत के लक्ष्य के सापेक्ष प्रदेश 87 प्रतिशत की उपलब्धि प्राप्त कर चुका है। 

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह की अध्यक्षता में राजभवन में उत्तराखण्ड राज्य में टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा में यह जानकारी दी गई। इस अवसर पर राज्यपाल ने प्रदेश में टीबी मुक्त अभियान के तहत किए जा रहे कामों की सराहना की। 

उन्होंने कहा कि जनसहयोग से ही यह अभियान सफल होगा और राज्य अपने लक्ष्य के अनुसार इस वर्ष के अंत में टीबी मुक्त बन सकेगा।