देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): पिथौरागढ़ जिले के जौलजीबी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य अधिकारी, फार्मासिस्ट, नर्स, लैब टेक्नीशियन, चतुर्थ कर्मचारियों समेत 10 पदों पर भर्ती होगी। स्वास्थ्य सचिव डॉक्टर आर. राजेश कुमार ने बताया कि इन पदों पर नियुक्ति के लिए राज्यपाल से अनुमति मिल गई है।
गौरतलब है कि जौलजीबी में भारतीय सार्वजनिक स्वास्थ्य मानकों के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का संचालन किया जा रहा है। इसके लिए चिकित्सा स्वास्थ्य महानिदेशालय ने विभाग से 10 पदों के सृजन के लिए अनुमति मांगी थी। स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्य में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने पर कार्य किया जा रहा है।



