प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में भीषण ठण्ड पड़ने का ऑरेंज अर्लट, उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी .

देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा छाया हुआ है। इसी को लेकर मौसम विभाग ने हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में आज और कल भीषण ठण्ड पड़ने का ऑरेंज अर्लट जारी किया है। मौसम विभाग ने राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं पाला पड़ने की संभावना भी जताई है। वहीं राज्य के पहाड़ी क्षेत्रों में आज धूप खिली हुई है। हालांकि सुबह और शाम के समय पाला गिरने के कारण ठण्ड में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। 

प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में साल की पहली बर्फबारी हुई है। उत्तरकाशी, चमोली, चंपावत और पिथौरागढ़ के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी होने से इन क्षेत्रों में सैलानियों की आवाजाही बढ गई है। बर्फबारी से व्यापारियों के चेहरे भी खिल उठे हैं। हल्की बारिश और बर्फबारी के बाद राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड में भी बढ़ोतरी दर्ज हुई है। वहीं, मैदानी क्षेत्रों में कईं स्थानों पर कोहरा छाने से आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।