देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने हरिद्वार के गुरूकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में 3 दिवसीय वेद विज्ञान महाकुंभ का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने वेदों के ज्ञान को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र के निर्माण और विश्व के स्थायित्व के लिए वेद महत्वपूर्ण हैं। उपराष्ट्रपति धनखड़ ने कहा कि यह महाकुंभ वेद और विज्ञान को सशक्त बनाने का काम करेगा। उपराष्ट्रपति ने कहा कि कुछ लोग भारत विरोधी प्रचार और देश की संस्कृति को धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयास करने वालों के विचारों को कुचलना हर देशवासी का दायित्व है। देश की संस्कृति और विरासत के संरक्षण और विकास पर जोर देते हुए धनखड़ ने कहा कि जो लोग राष्ट्रवाद के विरोधी हैं उन पर प्रतिघात होना चाहिए।
देश के अभूतपूर्व विकास पर खुशी जताते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि भारत विश्व में सबसे ज्यादा आर्थिक प्रगति करने वाल देश है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2030 तक देश, विश्व की तीन सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो जाएगा।
इस मौके पर राज्यपाल गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उपस्थित थे। गौरतलब है कि स्वामी दयानंद सरस्वती की 200वीं जयंती और स्वामी श्रद्धानंद के बलिदान दिवस पर गुरुकुल कांगड़ी द्वारा इस वेद विज्ञान महाकुंभ का आयोजन किया जा रहा है।
#VedVigyanMahakumbh,#haridwar,,,



