2023: राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों की घोषणा, मोहम्मद शमी समेत 24 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार दिया जाएगा.

नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने आज राष्ट्रीय खेल पुरस्कार-2023 की घोषणा की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 9 जनवरी को राष्ट्रपति भवन में एक समारोह में विजेताओं को पुरस्कार प्रदान  करेंगी। 

बैडमिंटन खिलाड़ी सात्विक साई राज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। वनडे विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले क्रिकेटर मोहम्मद शमी और पैरा एशियाई खेलों की चैंपियन तीरंदाज शीतल देवी समेत 24 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। 


तीरंदाजी में ओजस प्रवीण देवताले और अदिति गोपीचंद स्वामी, एथलीट श्रीशंकर एम और पारुल चौधरी, बॉक्सर मोहम्मद हुसामुद्दीन, शतरंज खिलाड़ी आर वैशाली, दृष्टिबाधित क्रिकेटर इलुरी अजय कुमार रेड्डी, घुड़सवारी खिलाड़ी अनुश अग्रवाल और दिव्यकृति सिंह, गोल्फर दीक्षा डागर, हॉकी में कृष्ण बहादुर पाठक और सुशीला चानू, कबड्डी खिलाड़ी पवन कुमार और रितु नेगी, खो-खो खिलाड़ी नसरीन, लॉन बॉल खिलाड़ी पिंकी, निशानेबाज ऐश्वर्य प्रताप सिंह और ईशा सिंह, स्क्वैश खिलाड़ी हरिंदर पाल सिंह संधू, टेबल टेनिस खिलाड़ी अयहिका मुखर्जी, पहलवान सुनील कुमार और अंतिम पंघाल, वुशु खिलाड़ी एन रोशिबिना देवी और पैरा कैनोइंग खिलाड़ी प्राची यादव को अर्जुन पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। 

कुश्ती कोच ललित कुमार, शतरंज कोच आर.बी. रमेश, पैरा एथलेटिक्स कोच महावीर प्रसाद सैनी, हॉकी कोच शिवेंद्र सिंह और मल्लखंभ कोच गणेश प्रभाकर देवरुखकर को नियमित श्रेणी में द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। 

गोल्फ कोच जसकीरत सिंह ग्रेवाल, कबड्डी कोच भास्करन ई और टेबल टेनिस खिलाड़ी जयंत कुमार पुशीलाल को आजीवन श्रेणी में द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।


लाइफटाइम अचीवमेंट के लिए ध्यानचंद पुरस्कार बैडमिंटन में मंजूषा कंवर, हॉकी में विनीत कुमार शर्मा और कबड्डी के लिए कविता सेल्वराज को दिया जाएगा। 
 

#NationalSportsAwards2023,#MohammedShami,,,