उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय का 8वाँ दीक्षांत समारोह, राज्यपाल गुरमीत सिंह और सीएम धामी ने की शिरकत .

देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): हल्द्वानी में उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय का 8वाँ दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। दीक्षांत समारोह के अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने उपाधिधारकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में 21 छात्रों को विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक, 2 छात्रों को कुलाधिपति स्वर्ण पदक, 3 प्रायोजित स्वर्ण पदक, 5 छात्रों को पी.एच.डी. उपाधि के साथ ही विभिन्न विधाशाखाओं के 15,417 छात्रों को स्नातक एवं स्नातकोत्तर की उपाधि प्रदान की गई। 

राज्यपाल ने कहा कि जीवन में सीखने की प्रवृत्ति एक छात्र के अंदर हमेशा होनी चाहिए। जिज्ञासु बने रहना एवं उसके समाधान हेतु निरंतर अन्वेषण और शोध करते रहना चाहिए।

 इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय शुरुआत से ही कई उपलब्धियों के साथ आगे बढ़ा है। 

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय शैक्षणिक गतिविधियों के साथ ही अन्य क्रियाकलापों में भी बेहतर काम कर रहा है। धामी ने कहा कि प्रदेश ही नहीं बल्कि देशभर में उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय नाम कमा रहा है। 

देश के विकास की तीव्र गति को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विश्व के कई देश, भारत का अनुसरण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज पूरा विश्व भारतीय युवाओं के सामर्थ्य से लाभान्वित हो रहा है। उन्होंने छात्रों से उत्साह के साथ परिश्रम कर अपने सपनों को साकार करने का आह्वान किया। 

#UttarakhandOpenUniversity,#UOU,,