नई दिल्ली: मिजोरम में विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव प्रचार दोपहर बाद और छत्तीसगढ़ में पहले चरण के विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार आज शाम समाप्त। मिजोरम में सभी 40 विधानसभा क्षेत्रों और छत्तीसगढ़ में 90 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में से 20 के लिए मंगलवार को मतदान होगा। मतगणना तीन दिसम्बर को होगी।
मिजोरम में 8 लाख 57 हजार से अधिक मतदाता एक हजार 276 मतदान केंद्रों पर वोट डालेंगे। सत्तारूढ मिजो नेशनल फ्रंट, कांग्रेस और जोरम पीपल्स मूवमेंट पार्टी ने सभी 40 सीटों पर अपने उम्मीदवार खडे किए हैं जबकि भारतीय जनता पार्टी 23 सीटों पर चुनाव लड रही है। आम आदमी पार्टी ने चार विधानसभा क्षेत्रों में अपने उम्मीदवार उतारे हैं। विधानसभा चुनाव में 27 निर्दलीय उम्मीदवार भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
राज्य चुनाव विभाग ने कहा है कि सुचारू रूप से चुनाव संपन्न कराने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। दूर-दराज के क्षेत्रों में मतदान कराने के लिए जिला मुख्यालयों से अधिकारी रवाना हो गए हैं। इनमें से कई क्षेत्र ऐसे हैं जहां वाहनों से जाना संभव नहीं है और चुनाव अधिकारियों को नदियां भी पार करनी है।
#ChhattisgarhandMizoramassemblyelections,,,



