देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): उत्तरकाशी की निर्माणाधीन सिल्क्यारा सुरंग में फंसे श्रमिकों के परिजनों के लिए आवागमन और रहने-खाने का प्रबंध राज्य सरकार करेगी। इसके लिए वरिष्ठ अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सुरंग में फंसे श्रमिकों के संबंध में उनके परिजनों से बेहतर समन्वय स्थापित कर हर पल की जानकारी साझा की जा रही है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यहां आने वाले परिजनों के मोबाईल रिचार्ज से लेकर भोजन, आवास व आवागमन आदि की व्यवस्था की जाय। उन्होंने बताया कि दूसरे राज्य के अधिकारियों से बचाव कार्य हेतु समन्वय बनाने के लिए तीन और अधिकारियों को मौके पर भेजा गया है।
वही गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय ने श्रमिकों के परिजनों के लिए भोजन, आवास और परिवहन के अलावा बचाव कार्य से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
सभी अधिकारियों को बचाव कार्य से जुड़ी व्यवस्थाओं में तत्काल योगदान देने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि शासन स्तर पर भी वरिष्ठ आईएएस डॉ.नीरज खैरवाल को केंद्रीय संस्थानों, एजेंसियों और विशेषज्ञों की टीम से समन्वय की जिम्मेदारी पहले ही दी जा चुकी है।
साथ ही एसडीएम शैलेन्द्र सिंह नेगी को पहले से ही मौके पर भेजा गया है। इसके अलावा हरिद्वार के एसडीएम मनीष सिंह, डीएसओ हरिद्वार तेजबल सिंह और डीपीएओ रुद्रप्रयाग अखिलेश मिश्रा की तैनाती भी कर दी गयी है।



