देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सिलक्यारा सुरंग में चल रहे राहत एवं बचाव कार्य का स्थलीय निरीक्षण और समीक्षा करने पहुंचे। इस दौरान मुख्य सचिव डॉ. एस एस संधु भी उनके साथ मौजूद हैं।
उत्तराखंड में उत्तरकाशी के सिल्कयारा सुरंग में फंसे 41 मजदूरों को सुरक्षित निकालने की कार्यवाही जारी है। मजदूरों को सुरक्षित निकालने के लिए 5 उपायों पर काम किया जा रहा है। फिलहाल एक उपाय पर तेजी से कार्य हो रहा है जबकि बाकी उपायों को तेजी से लागू करने की योजना बनाई जा रही है।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज घटना स्थल का दौरा किया। उन्होंने मुख्य सचिव एसएस संधू के साथ राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की। प्रधानमंत्री कार्यालय राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी कर रहा है।
फिलहाल प्रशासन सुरंग में फंसे सभी मजदूरों से संपर्क में है और उनके सुरक्षित होने की पुष्टि की है। उन लोगों तक पाइप के जरिए भोजन, दवा और पर्याप्त ऑक्सीजन पहुंचाई जा रही है।



