रोजगार सृजन की दिशा में आगे बढ़ें और दूसरों को भी रोजगार के अवसर प्रदान करें युवा: राज्यपाल जनरल गुरमीत सिंह .

देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने उत्तरांचल विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने युवाओं से आह्वान किया कि वे रोजगार सृजन की दिशा में आगे बढ़ें और दूसरों को भी रोजगार के अवसर प्रदान करें। 

उन्होंने युवाओं से कहा कि बड़े लक्ष्य निर्धारित कर अपनी मेहनत और लगन से उसे हासिल करने का प्रयास करें। वे आज देहरादून में एक निजी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में छात्रों को संबोधित कर रहे थे। 

इस मौके पर राज्यपाल ने कहा कि भारत अपने ज्ञान, समृद्धि और क्षमता के बल पर हर क्षेत्र में विश्वगुरु के शिखर तक पहुंच सकता है और इस लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की अहम भूमिका होगी। समारोह में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 36 छात्र-छात्राओं को गोल्ड मेडल और 32 छात्र-छात्राओं को पीएचडी उपाधियां प्रदान की गयी। 

राज्यपाल ने कहा कि हर राष्ट्र की प्रगति के लिए यह आवश्यक है कि युवा अच्छी तरह से प्रशिक्षित, कुशल और प्रेरित हों। हर युवा प्रतिभाशाली और गुणवान होता है, हमें उनकी उद्यमशीलता की भावना को जागृत करने की आवश्यकता है।