देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): प्रदेश के हर जिले में एक साइबर थाना स्थापित किया जाएगा। इसके लिए जल्द ही पुलिस सरकार को प्रस्ताव भेजेगी। पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने कहा कि वर्तमान में साइबर अपराध देश में सबसे बड़ा तेजी बढ़ता हुआ अपराध है, जिस पर प्राथमिकता के साथ काम करने की जरूरत है।
राज्य में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियानों की समीक्षा लेते हुए कुमार ने कहा कि प्रदेश में इस साल अपराध नियंत्रण और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही में व्यवहारिक तौर पर अच्छा काम हुआ है।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने हत्या, लूट, डकैती सहित अन्य अपराधों के खुलासों में भी बेहतर काम किया गया है। बैठक के दौरान पुलिस महानिदेशक ने सोशल मीडिया पर राष्ट्र विरोधी, साम्प्रदायिक और झूठी खबरे प्रसारित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
ऑपरेशन प्रहार के अन्तर्गत कुछ जनपदों ने काफी अच्छा कार्य किया है। हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, उत्तरकाशी, चम्पावत व पिथौरागढ़ की कार्यवाही प्रशंसनीय है। शेष जनपद भी अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे इस विशेष अभियान में कार्यवाही बढ़ाएं।
उत्तराखण्ड पुलिस एप स्मार्ट पुलिसिंग की ओर एक बड़ा कदम है। आम जन को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य यह एप बनाया गया है। सभी जनपद प्रभारी इस एप का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, जिससे अधिक से अधिक लोग इसकी सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
डायल 112 से प्राप्त होने वाली सूचनाओं पर त्वरित कार्यवाही करने, रिस्पोंस टाईम और क्वालिटी ऑफ रिस्पोंस को बेहतर करने हेतु निर्देशित किया गया।



