एनसीईआरटी की गठित उच्च स्तरीय समिति की सिफारिश को प्रदेश में किया जाएगा लागू .

देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एन.सी.ई.आर.टी) की गठित उच्च स्तरीय समिति की सिफारिश को प्रदेश में लागू किया जाएगा। इसके लिये  एससीईआरटी निदेशक की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय समिति गठित कर दी है।

इस सिफारिश में एनसीईआरटी समिति ने किताबों में ‘इंडिया’ शब्द की जगह ‘भारत’ लिखे जाने की सिफारिश की है। इसके अलावा समिति ने सभी पाठ्यक्रमों में भारती ज्ञान प्रणाली शुरू करने की भी सिफारिश की है। 

विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अपने राजस्थान प्रवास के दौरान मीडिया को जारी एक बयान में बताया कि एनसीईआरटी समिति की सिफारिश को प्रदेश की स्कूली किताबों में लागू करने के निर्देश राज्य शैक्षिक और प्रशिक्षण संस्थान के निदेशक को दे दिये गये हैं।

उन्होंने बताया कि इसके अलावा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रावधानों के तहत प्रदेश के स्कूली पाठ्यक्रमों में ‘हमारी विरासत’ नामक पुस्तक भी शामिल की जायेगी। इस किताब के संकलन के लिये सभी जिला शिक्षक एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्यों को अपने जिलों से जुड़ी जानकारियां इकट्ठा कर एससीईआरटी को उपलब्ध कराने को कहा गया है।