चारधाम यात्रा के लिए साढ़े 9 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने कराया पंजीकरण .

देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): इस वर्ष चारधाम यात्रा नये कीर्तिमान स्थापित करेगी। अब तक चारधाम यात्रा के लिए कुल साढ़े 9 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है। 

पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा के लिए जिस प्रकार से पंजीकरण किया जा रहा है। इससे गढ़वाल मंडल विकास निगम के पर्यटन गृह की बुकिंग का आंकड़ा रोज बढ़ता जा रहा है। 

पर्यटन मंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा और पर्यटन के विकास के लिए कनेक्टिविटी बहुत महत्वपूर्ण है। इसलिए हम देश के अन्य क्षेत्रों के साथ कनेक्टिविटी बेहतर बनाने पर तेजी से काम कर रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि हवाई सेवाओं का भी विस्तार किया जा रहा है। पर्यटन मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से प्रदेश में विभिन्न धार्मिक सर्किटों का निर्माण किया गया है। अपनी सुविधानुसार श्रद्धालु इन धार्मिक सर्किट के दर्शन कर सकते है। 

वहीं, श्रद्धालुओं सुविधाओं को देखते हुए इस बार प्रत्येक पंजीकृत यात्री के लिए विशेष टोकन की व्यवस्था की गई है। जो उन्हें प्रत्येक धामों के दर्शन कराने में सहायक होगी।
 

#ChardhamYatra,#registration, ,