देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): उत्तराखण्ड के राजकीय विश्वविद्यालयों से सम्बद्ध महाविद्यालयों और संस्थानों की सम्बद्धता प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए ‘उत्तराखण्ड कॉलेज एफिलिएशन पोर्टल’ शुरू किया गया है। राज्यपाल गुरमीत सिंह ने आज इस पोर्टल का शुभारंभ किया।
राज्य के पांच विश्वविद्यालयों हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखण्ड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय, कुमाऊँ विश्वविद्यालय, वीर माधो सिंह भण्डारी उत्तराखण्ड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय और श्री देव सुमन उत्तराखण्ड विश्वविद्यालय की सम्बद्धता प्रक्रिया अब ऑनलाइन की जायेगी।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि सम्बद्धता प्रक्रिया को पारदर्शी, समयबद्ध और सुगम बनाने के लिए इस पोर्टल को लॉन्च किया गया है। इससे अधिकारी और कर्मचारी अनावश्यक रूप से भागदौड़ से बचेंगे। साथ ही संस्थान, विश्वविद्यालय और राजभवन स्तर पर सम्बद्धता प्रस्तावों की स्थिति को मॉनीटर किया जा सकेगा। उन्होंने कहा की पोर्टल के लॉन्चिंग से राजभवन सहित विश्वविद्यालयों में ऑनलाइन कार्य संस्कृति को बढ़ावा दिया जा रहा है।



