कृषि मंत्री गणेश जोशी ने रेशम कीट बीमा योजना का किया शुभारंभ, 12 हजार किसानों को पहुंचेगा सीधा लाभ.

देहरादून (हिल न्यूज़ लाइव): कृषि मंत्री गणेश जोशी ने रेशम कीट बीमा योजना शुरू की। रेशम निदेशालय और भारतीय कृषि बीमा कंपनी की ओर से रेशम कीट पालकों के लिए ये योजना शुरू की गई है। गणेश जोशी ने कहा कि फसल बीमा योजना के साथ ही कृषि से जुड़े अन्य क्षेत्र जैसे- रेशम, मत्स्य, पशुपालन में भी सरकार इस योजना का लाभ पहुँचाना चाहती है। उत्तराखंड ऐसा करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। 

उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में रेशम के कार्यों से लगभग 12 हज़ार किसान परिवार जुड़े हैं। पिछले साल 6 हजार 691 किसानों ने शहतूती रेशम का कीटपालन किया और लगभग 300 मीट्रिक टन रेशम कोये का उत्पादन किया। जिससे रेशम तैयार किया जाता है। रेशम कीटपालन के लिए मौसम का अनुकूल होना जरूरी होता है।  अत्यधिक गर्मी या अत्यधिक वर्षा के कारण रेशम के कीटों में बीमारी आने की आशंका रहती है। 

जिससे किसानों को नुकसान होता है। किसानों को इसी नुकसान से बचाने के लिए देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के 250 किसानों का चयन रेशम कीट बीमा के लिए किया गया है। कृषि मंत्री ने कहा कि बीमा योजना के उत्साहवर्धक परिणाम आने पर आगामी वर्षों में पूरे प्रदेश के रेशम कीट पालकों को इससे जोड़ा जाएगा। उन्होने कहा कि राज्य के अधिकांश रेशम कीटपालक किसान लघु और सीमान्त श्रेणी के हैं। इसलिए बीमा की प्रीमियम धनराशि अभी राज्य सरकार वहन करेगी। इसके लिए रेशम निदेशालय के निदेशक को प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है।

ilkworm insurance scheme,Ganesh Joshi,,