देहरादून (हिल न्यूज़ लाइव): मौसम विभाग ने आज प्रदेश में कहीं-कहीं ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि आज राज्य के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
उन्होंने बताया कि 3500 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है। इस बीच देहरादून में कल देर रात से ही रुक-रुक कर बारिश हो रही है।
दोपहर को भी यहां हल्की बारिश हुई। हरिद्वार में भी सुबह से ही बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलीं। बदरीनाथ और केदारनाथ में भी बर्फबारी होने के समाचार हैं। इसके अलावा पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं तेज हवाओं के साथ बारिश की बौछारें पड़ी हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक 26 मार्च को राज्य के मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। 27 मार्च को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ के जनपदों में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश या गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।



