उत्तराखण्ड में 7 जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट,  5 जनपदों के स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्र में अवकाश घोषित.

देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव):  भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा दिनांक 09.07.2026 को प्रातः 10.00 बजे जारी पूर्वानुमान के अनुसार दिनांक 10.07.2026 को उत्तराखण्ड राज्य के कई जनपदों में कहीं-कहीं भारी वर्षा एंव गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर होने की सम्भावना व्यक्त की गयी है। 

इसके अलावा पृथ्वी विज्ञान मन्त्रालय, भारत मौसम विज्ञान विभाग के द्वारा दिनांक 09.07. 2026 के अपराहन 1.00 बजे जारी नेशनल फ्लैश फ्लूड गाइडेंस बुलेटिन के अनुसार उत्तराखण्ड में आगामी 24 घण्टों के दौरान कहीं-कहीं कम से मध्यम स्तर के आकस्मिक बाढ के जोखिम का पूर्वानुमान जारी किया गया है। 


राज्य सरकार ने अगले 24 घंटे के लिए 7 जिलों में अत्यधिक भारी वर्षा का हाई इंटेंसिटी अलर्ट जारी किया है। यह चेतावनी गुरुवार सुबह 10:55 बजे जारी की गई, जो शुक्रवार सुबह 10:55 बजे तक प्रभावी रहेगी। 


अलर्ट के अनुसार देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और चम्पावत जिलों में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने के साथ कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है।  
 
देहरादून, पौड़ी, चमोली, नैनीताल, बागेश्वर में भारी बारिश को देखते हुए 10 जुलाई को कक्षा 1 से 12वीं तक के स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्र में अवकाश घोषित किया गया है।  

मौसम विभाग और राज्य आपदा प्रबंधन तंत्र ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और गधेरों से दूर रहने तथा पहाड़ी मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। भारी बारिश के चलते भूस्खलन, सड़क बाधित होने, जलभराव और अचानक जलस्तर बढ़ने की आशंका भी जताई गई है।