देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): उत्तराखंड सरकार ने बड़ा फैसला किया है, देहरादून और नैनीताल स्थित राजभवन का नाम बदलकर अब 'लोक भवन' कर दिया गया है। गृह मंत्रालय भारत सरकार के 25 नवंबर 2025 को जारी पत्र और राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) गुरमीत सिंह की मंजूरी के बाद यह बदलाव आधिकारिक रूप से लागू हो गया है।
राज्यपाल सचिव रविनाथ रमन की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि अब से उत्तराखंड के दोनों राजभवन देहरादून लोक भवन और नैनीताल लोक भवन के नाम से जाने जाएंगे।
नैनीताल का राजभवन उत्तराखंड की सबसे ऐतिहासिक और वास्तुशिल्प की दृष्टि से अनोखी धरोहरों में से एक है। नैनीताल राजभवन की नींव अंग्रेजी शासनकाल में 27 अप्रैल 1897 को रखी गई थी। मार्च 1900 में निर्माण पूरा हुआ। यह पश्चिमी गोथिक शैली में अंग्रेजी के E आकार में बना एक भव्य भवन है। निर्माण में तत्कालीन ब्रिटिश गवर्नर सर एंटनी पैट्रिक मैकडोनाल्ड की अहम भूमिका रही।



