ऑपरेशन सिंदूर: भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम, विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने की पुष्टि .

नई दिल्ली: विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने ऑपरेशन सिंदूर पर प्रेस ब्रीफिंग के दौरान संघर्ष विराम लागू होने की पुष्टि की, दोपहर 3:35 बजे पाकिस्तान के DGMO ने भारत के DGMO को फोन किया। दोनों के बीच आज शाम 5:00 बजे से सभी प्रकार की गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई रोक दिए जाने की सहमति बनी।  ज़मीन, हवा और समुद्र में सभी तरह की गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई बंद कर देंगे

इस सहमति को लागू करने के लिए दोनों पक्षों को निर्देश दिए गए हैं। विदेश सचिव ने कहा कि सैन्य संचालन महानिदेशक 12 मई को 12:00 बजे फिर से बात करेंगे 

सूत्रों ने बताया कि भारत और पाकिस्तान के बीच गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई रोकने के लिए दोनों देशों के बीच सीधे तौर पर बातचीत हुई, पाक डीजीएमओ ने बातचीत की पहल की। जिसके बाद चर्चा हुई और सहमति बनी।  

इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने X  सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर होने का दावा किया. ट्रंप ने लिखा,'अमेरिका की मध्यस्थता में लंबी बातचीत के बाद, मैं यह बताते हुए खुश हूं कि भारत और पाकिस्तान ने तुरंत और पूरी तरह से युद्धविराम (सीज़फायर) पर सहमति जताई है. दोनों देशों को समझदारी और बुद्धिमत्ता दिखाने के लिए बधाई।

इसके अलावा पाकिस्तान के विदेश मंत्री का भी बयान सामने आया है. उन्होंने X पर पोस्ट में कहा कि वो भी सीजफायर के लिए तैयार हैं. पाकिस्तान विदेश मंत्री ने कहा,'पाकिस्तान और भारत ने तत्काल प्रभाव से युद्ध विराम पर सहमति जताई है. पाकिस्तान ने हमेशा अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता से समझौता किए बिना क्षेत्र में शांति और सुरक्षा के लिए प्रयास किया है।