सीएम पुष्कर धामी सिलक्यारा सुरंग के पास बाबा बौखनाग के नवनिर्मित मन्दिर की प्राण प्रतिष्ठा में हुए शामिल, पूजा-अर्चना की .

देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सिलक्यारा सुरंग के समीप बाबा बौखनाग के नवनिर्मित मन्दिर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बाबा बौखनाग की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि व मंगल की कामना की।


गौरतलब है कि वर्ष 2023 में सिलक्यारा सुरंग निर्माण के दौरान हुए हादसे में 41 श्रमिक 17 दिनों तक भीतर फंसे रहे थे। उस कठिन समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन के अंतर्गत सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। इसी घटनाक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने बाबा बौखनाग मंदिर निर्माण का संकल्प लिया था, जिसे अब साकार रूप दिया जा रहा है।

सिलक्यारा सुरंग चारधाम यात्रा के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है। यह सुरंग लगभग ₹ 853 करोड़ की लागत से बनाई जा रही है। इसकी लंबाई 4.531 किलोमीटर है और यह दो लेन व दो दिशा वाली होगी। सुरंग निर्माण से श्री गंगोत्री और श्री यमुनोत्री धाम के बीच की दूरी 26 किलोमीटर तक कम हो जाएगी, जिससे यात्रियों के  समय की भी बचत होगी।

आज का दिन न केवल आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि राज्य की बुनियादी संरचना और तीर्थ यात्रा मार्गों के विकास की दिशा में भी एक नई उपलब्धि को दर्शाता है।