18 वर्ष तक के निराश्रित, गरीब, दिव्यांग और शोषण से पीड़ित बच्चों को मिलेगी आर्थिक सहायता, DM ने निर्देश दिए.

देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): चमोली के जिलाधिकारी ने जिले में शून्य से 18 वर्ष तक के निराश्रित, गरीब, दिव्यांग और शोषण से पीड़ित बच्चों को मिशन वात्सल्य योजना के तहत आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। इस योजना के तहत बच्चों को हर माह चार हजार रुपये की सहायता दी जाती है। जिला प्रशासन ने कहा है कि यदि कोई शोषित, दिव्यांग या अनाथ बच्चा किसी के ध्यान में आता है, तो उसे चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर कॉल करके तुरंत संरक्षण प्रदान किया जा सकता है। 

चमोली जिले के खैनुरी गांव में माता-पिता का साया खोने के बाद अनाथ हुए बच्चों को मुख्यमन्त्री वात्सल्य योजना के अंतर्गत स्पांसरशिप योजना से जोड़कर लाभान्वित किया गया है, जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम राजस्व की टीम ने गांव में जाकर पड़ताल की और बच्चों के भरण-पोषण के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई।

तहसील से बच्चों के सभी आवश्यक प्रमाण पत्र बनवाए गए। इसके बाद महिला एवं बाल विकास मंत्रालय भारत सरकार द्वारा संचालित मिशन वात्सल्य योजना के अंतर्गत बच्चों को स्पांसरशिप स्कीम का लाभ दिया गया है। जिसमें दो बच्चों को 4-4 हजार प्रतिमाह की दर से 8 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।