भीमताल के ओखल में हुई बस दुर्घटना, सीएम ने हर संभव मदद का दिया भरोसा, राहत राशि प्रदान करने के दिए निर्देश .

देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भीमताल में हुई सड़क दुर्घटना के रेस्क्यू कार्य में स्थानीय नागरिकों द्वारा पुलिस और SDRF का सहयोग करने पर उनका आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस और SDRF की मदद करने के लिए स्थानीय नागरिकों का साथ आना यह दर्शाता है कि हमारे प्रदेश के लोग एक-दूसरे की मदद करने के लिए हमेशा तैयार हैं। 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भीमताल के ओखल में हुई बस दुर्घटना के मृतकों के परिजनों और घायलों को राहत राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। बस दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को 10 लाख की सहायता राशि दी जाएगी। इसमें  उत्तराखण्ड परिवहन निगम द्वारा 5 लाख जबकि सड़क सुरक्षा निधि से 2 लाख और मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से 3 लाख दिए जाएंगे।  इसी प्रकार गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को 3 लाख एवं सामान्य रूप से घायल व्यक्तियों को 15- 25 हजार दिए जाएंगे। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस दुर्घटना के मृतकों के परिजनों और घायलों को राहत राशि के साथ ही सरकार के स्तर से हर संभव मदद प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को गंभीर रूप से घायल लोगों को आवश्यकता अनुसार हायर सेंटर रेफर करने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी की सहायता से समय पर कई लोगों का रेस्क्यू किया जा सका। रेस्क्यू टीम और स्थानीय लोगों का यह परिश्रम एवं समर्पण अत्यंत सराहनीय है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भीमताल के निकट बस के दुर्घटनाग्रस्त होने पर स्थानीय प्रशासन को त्वरित राहत एवं बचाव कार्य के लिए निर्देशित किया गया।  मुख्यमंत्री ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने बाबा केदार से सभी यात्रियों के सकुशल होने की कामना की है।