देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बूंदाबांदी से मौसम सर्द हो गया है। अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चमोली, चंपावत, चकराता और उत्तरकाशी के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी हिमपात हुआ है। चमोली के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है, बद्रीनाथ, औली में भी बर्फबारी हुई, वहीं रूद्रप्रयाग के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है।
बागेश्वर जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में भी बर्फबारी शुरू हो गई है। पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी में तक बर्फबारी हुई है। वहीं, धारचूला, गुंजी, कुटी, नाभी के ऊंचाई वाले इलाकों में 10 इंच से ज्यादा बर्फ गिरी है।
बर्फबारी के बाद हिमनगरी के नाम से प्रसिद्ध मुनस्यारी में चारों तरफ बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटक भी बर्फबारी का लुत्फ उठा रहे हैं।
मैदानी इलाकों में भी सुबह और शाम के समय पाला गिरने से ठिठुरन बढ़ गयी है। तापमान में गिरावट और प्रदेश में बढ़ती शीतलहर से बचाव के लिए सभी जिला प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। जरूरतमंदों के लिए रैन बसेरों में कंबल और अलाव की व्यवस्था की गई है।



