केदारनाथ विधानसभा उपचुनाव के लिए बीजेपी और कांग्रेस के प्रत्याशियों ने नामंकन पत्र दाखिल किया  .

देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): रुद्रप्रयाग जिले की केदारनाथ विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के प्रत्याशियों ने आज अपना नामंकन कर दिया है। भाजपा की ओर से आशा नौटियाल ने आज अपना नामंकन भरा। कांग्रेस की ओर से मनोज रावत ने अपना पर्चा भरा। उत्तराखण्ड क्रांति दल से डॉक्टर आशुतोष नेगी ने नामंकन किया। 

जबकि त्रिभुवन चौहान और प्रदीप रोशन खड़िया ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दर्ज किया। अब तक कुल पांच प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। कल नामंकन का अंतिम दिन है। भाजपा प्रत्याशी आशा नौटियाल के नामंकन दाखिल करने के समय बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे। 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर एक जनसभा को संबोधित कर जनता से भाजपा के पक्ष में समर्थन मांगा। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी मनोज रावत ने भी आज अपना नामंकन दर्ज किया। इस दौरान कांग्रेस पार्टी के समर्थक मौजूद रहे। 

गौरतलब है कि भाजपा प्रत्याशी आशा नौटियाल वर्तमान में भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष और बूथ सशक्तिकरण अभियान की प्रदेश सह संयोजक है। इससे पहले 2002 और 2007 में केदारनाथ विधानसभा से विधायक निर्वाचित हुई थी। 

वहीं, कांग्रेस पार्टी ने केदारनाथ विधानसभा सीट से मनोज रावत पर लगातार तीसरी बार भरोसा जताया है। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने पहली बार मनोज रावत को अपना प्रत्याशी बनाया था और मनोज रावत ने इस सीट पर जीत हासिल की। हालांकि वर्ष 2022 में मनोज रावत को इस विधानसभा सीट से हार का सामना करना पड़ और वे तीसरे स्थान पर रहे।