देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): केदार घाटी में भारी बारिश के बीच आज श्री केदारनाथ धाम दर्शन से लौटे यात्री सोनप्रयाग से गौरीकुंड के बीच स्लाइडिंग जोन में फंस गए। रास्ता बंद होने के कारण गौरीकुंड में करीब 1300 यात्री एकत्रित हो गए, जिन्हें जिला प्रशासन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस एवं डीडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित सोनप्रयाग तक पहुंचाया।
इस दौरान जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने यात्रा पर आ रहे श्रद्धालुओं से मौसम की जानकारी लेने के बाद ही यात्रा पर आने की सलाह दी। उन्होंने बरसात के समय यात्रा से बचने, गर्म कपड़े, छाता और बरसाती साथ रखने की भी अपील की।



